संवाद न्यूज एजेंसीअमेठी सिटी। उप संभागीय परिवहन कार्यालय में शुक्रवार को सारथी पोर्टल नहीं चलने पर ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदकों को बैरंग लौटना पड़ा। यहां के कर्मियों का कहना है कि सारथी पोर्टल में चल रहे मेंटेनेंस के चलते आवेदन निस्तारण का काम नहीं हो पा रहा है। शुक्रवार को परिवहन कार्यालय पहुंचे आवेदकों को निराश होकर लौटना पड़ा। लर्निंग से लेकर परमानेंट लाइसेंस सहित कई कार्य सारथी पोर्टल में चल रहे मेंटेनेंस के चलते नहीं हो पाए। सारथी पोर्टल पर ही लर्निंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन, स्लाट बुकिंग, परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस की फीस जमा या लाइसेंस रिन्युअल, डुप्लीकेट डीएल, एड्रेस बदलने समेत काम पोर्टल बंद होने नहीं हो सके।
कार्यालय पहुंचे आवेदकों को मामले की जानकारी हुई तो उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। एआरटीओ प्रशासन सर्वेश सिंह ने बताया कि मेंटेनेंस के चलते 18 मई तक सारथी पोर्टल प्रभावित रहेगा। सारथी पोर्टल पर सुधार के काम के चलते लाइसेंस आवेदकों की फोटो व बायोमीट्रिक निशान नहीं लिए जा सके। उनकी स्लाट डेट अन्य तारीख पर निर्धारित की जाएगी।