अमेठी सिटी। सर्द मौसम में प्यास कम लगने के कारण लोग पानी कम पी रहे हैं, जिससे यूरिन इंफेक्शन के मामले बढ़े हैं। पानी की कमी से यूरिन त्यागते समय जलन, हल्का दर्द, बार-बार बाथरूम जाना और रंग बदलने जैसी समस्याएं देखी जा रही हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को इस समस्या से प्रभावित 10 लोग उपचार के लिए पहुंचे। इनमें महिलाओं की संख्या अधिक रही। चिकित्सकों ने जांच रिपोर्ट के आधार पर दवा दी और पानी पर्याप्त मात्रा में पीने के साथ मसालेदार व तैलीय भोजन सीमित करने की सलाह दी। अस्पताल कर्मियों के अनुसार ओपीडी में प्रतिदिन पांच से 10 लोग इसी समस्या के साथ पहुंच रहे हैं।
अस्पताल में परचा काउंटर, दवा केंद्र, ओपीडी और पैथोलॉजी में सामान्य भीड़ रही। फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय, डॉ. अमित यादव और डॉ. पीतांबर कनौजिया की ओपीडी में लोग इलाज के लिए पहुंचे। राम बहादुर ने बताया कि कुछ दिनों से यूरिन त्यागते समय जलन महसूस हो रही है। चिकित्सक ने दवा देने के साथ पानी अधिक पीने और अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी।
कमला प्रसाद ने कहा कि ठंड बढ़ने के बाद से यूरिन त्यागते समय असुविधा बढ़ी है। चिकित्सक ने भोजन में सावधानी रखने और पानी ज्यादा पीने की बात कही। देवी प्रसाद ने भी इसी तरह की समस्या बताई और जांच के बाद दवा दी गई। फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय ने बताया कि यूरिन इंफेक्शन मूत्र प्रणाली को प्रभावित कर सकता है। पानी कम पीने से यूरिन रुकने की स्थिति बनती है, जिससे गुर्दे में स्टोन बनने की संभावना बढ़ती है। यही स्टोन आगे चलकर संक्रमण पैदा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ठंड में भी पानी पर्याप्त मात्रा में लेना जरूरी है, ताकि शरीर में पानी की कमी न रहे और संक्रमण का जोखिम कम हो।
यूरिन संक्रमण के लक्षण
- पेशाब के दौरान जलन
- पेट के निचले हिस्से में दर्द
- ठंड लगना
- हल्का बुखार
इनसेट : ऐसे करें बचाव
- पानी पर्याप्त मात्रा में पिएं, आवश्यक हो तो गुनगुना पानी लें।
- सूप, पेय पदार्थ और फलों का रस लें।
- मसालेदार व तैलीय भोजन सीमित करें।
- हल्का व ताजा भोजन लें।
- समस्या होने पर तुरंत चिकित्सक से सलाह लें।