अमेठी। इसी साल आयोजित होने वाली अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज कबड्डी प्रतियोगिता में प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज टीकरमाफी अमेठी के डॉ. अब्दुल हमीद उत्तर प्रदेश की सिविल सर्विसेज कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता नौ से 14 फरवरी तक चंडीगढ़ के कबड्डी स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स में आयोजित होगी।
खेल निदेशक उत्तर प्रदेश की ओर से चयनित 14 सदस्यीय प्रदेश टीम में अयोध्या मंडल से डॉ. अब्दुल हमीद के साथ विश्वनाथ यादव का भी चयन हुआ है। डॉ. अब्दुल हमीद एक कुशल शिक्षक होने के साथ-साथ कबड्डी और वॉलीबॉल के दक्ष खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने पूर्व में भी 2013, 2014 और 2024 में आयोजित अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया है।
इसके अतिरिक्त वे इंदिरा मैराथन में राष्ट्रीय उद्घोषक के रूप में भी योगदान दे चुके हैं और अमेठी व सुल्तानपुर में विभिन्न मंचों का संचालन करते रहे हैं। जिला ओलंपिक संघ के प्रवक्ता के रूप में वे खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत हैं।
उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज कबड्डी की 14 सदस्यीय टीम, टीम मैनेजर सुनील कुमार और कोच रवि राठी के नेतृत्व में चंडीगढ़ के लिए गई है। इनके चयन पर डीआईओएस डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी, बीएसए रायबरेली राहुल सिंह, उप जिलाक्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद, मुशर्रफ खान, प्रधानाचार्य धनंजय पांडेय, राकेश कश्यप, दुर्गेश, उमेश, राजमणि मिश्र, रजत श्रीवास्तव, नदीम अहमद, अंतरराष्ट्रीय एथलीट राहुल पाल ने खुशी जताई है।