अमेठी सिटी। ठंड के साथ यात्रियों की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। बृहस्पतिवार को डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व अप जनता एक्सप्रेस निरस्त रही। इसके साथ ही लखनऊ-प्रयागराज के बीच संचालित पैसेंजर ट्रेन का संचालन प्रतापगढ़ तक हुआ। वहीं, जनसाधारण एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का विलंब से संचालन हुआ।
वाराणसी से चलकर गौरीगंज होते हुए लखनऊ, मुरादाबाद, हरिद्वार व देहरादून सहित अन्य स्टेशनों को जाने वाली जनता एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को निरस्त रही। ट्रेन के निरस्त होने से बृहस्पतिवार को यात्रियों को अपनी यात्रा निरस्त करनी पड़ी। तमाम यात्री भीड़ के बीच पंजाब मेल से गंतव्य को रवाना हुए। इसके अतिरिक्त बुधवार रात दिल्ली-वाराणसी डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी निरस्त रही। अप जनसाधारण एक्सप्रेस साढे पांच घंटे विलंब से आई।
योगनगरी एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस, पंजाब मेल व अर्चना एक्सप्रेस का संचालन भी विलंब से हुआ। सर्वाधिक परेशानी लखनऊ प्रयागराज के बीच संचालित पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों को उठानी पड़ी। ट्रेन प्रयागराज संगम के बजाय सिर्फ प्रतापगढ़ तक संचालित हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों का संचालन विलंब से हुआ।