जगदीशपुर में जानकारी देते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी।
अमेठी सिटी। गर्मी के मौसम में आग की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मंगलवार को सूर्या हॉस्पिटल जगदीशपुर, वी मार्ट व अवध हॉस्पिटल अमेठी एवं मोती महल होटल गौरीगंज में मॉक ड्रिल कार्यक्रम आयोजित हुआ। आग लगने के कारणों के साथ बचाव की जानकारी दी गई।
एफएसओ ने लोगों से आग लगने पर घबराए नहीं बल्कि धैर्य पूर्वक स्वयं को सुरक्षित करते हुए बचाव की कोशिश करने की बात कही। मुख्य अग्निशमन अधिकारी शिवदरस प्रसाद ने लोगों को आग लगने के कारण व बुझाने के सुरक्षित तरीकों की जानकारी विस्तार से दी। अग्निशमन उपकरणों के रखरखाव व उपयोग के बारे में बताते हुए मॉक ड्रिल भी करवाया।
कहा कि मोमबत्ती, चिराग, अंगीठी का इस्तेमाल करना पड़े तो उसे सुरक्षित स्थान पर करें, इसके साथ ही रसोई गैस सिलिंडर में लीकेज का आभास होते ही पास-पड़ोस की अन्य जलती हुई वस्तुओं को तुरंत बुझा दें। लीक सिलिंडर को तुरंत घर के बाहर खुले स्थान पर निकाल कर रख दें और गैस कम्पनी को सूचित कर साथ ही साथ गैस लीकेज बंद करने का प्रयत्न करें।