अमेठी सिटी। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, भेटुआ का मंगलवार को डीएम शशांक चौधरी ने औचक निरीक्षण कर पढ़ाई और आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से गणित के सवाल पूछने के साथ अंग्रेजी में प्रार्थना पत्र लिखने की जानकारी ली और लाइब्रेरी के उपयोग के बारे में जाना।
डीएम ने रसोईघर में भोजन की गुणवत्ता व साफ-सफाई का जायजा लेकर निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन देने के निर्देश दिए। पेयजल और शयनकक्षों का निरीक्षण करने के बाद, वार्डन पूनम सिंह के अनुरोध पर उन्होंने बीएसए संजय तिवारी को एक अतिरिक्त शौचालय के निर्माण का आगणन तैयार कर प्रस्तुत करने के आदेश दिए।
कंप्यूटर लैब संचालित मिलने पर उन्होंने छात्राओं को नियमित व्यावहारिक प्रशिक्षण देने तथा खेलकूद व सह-शैक्षणिक गतिविधियां कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान बीएसए संजय तिवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।