अमेठी। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जब आशा भुगतान को लेकर जानकारी मांगी गई तो अफसर एक दूसरे पर टालते नजर आए। इससे नाराज डीएम ने बैठक ही निरस्त कर दी। बाद में अगली बैठक की तिथि देने की बात कही गई।सोमवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक बुलाई गई थी। हर माह होने वाली बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की जाती है। बैठक में जननी सुरक्षा के बाद जब डीएम राकेश कुमार मिश्र ने आशा के भुगतान को लेकर जानकारी करनी शुरू कर दी तो अफसर चुप हो गए।
डीएम ने पूछा कि आशा के भुगतान संबंधी कार्यक्रम का नोडल कौन है, इस पर अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए। भुगतान क्यों लंबित है, इसको लेकर भी किसी के पास सटीक जवाब नहीं मिला। हालांकि, एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक ने बात रखने की कोशिश की लेकिन, डीएम उससे संतुष्ट नहीं हुए।
डीएम ने बिना तैयारी के बैठक में आने पर नाराजगी जताते हुए जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक को ही निरस्त दी। अगली तिथि बाद में देने की बात कही। सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी कार्यक्रम के नोडल अफसरों के साथ बैठक करके एक-एक कार्यक्रम की समीक्षा की जाएगी।