अमेठी सिटी। दिन में गर्मी चैन नहीं लेने देती तो रात में बिजली कटाैती सोने नहीं देती। जिला मुख्यालय गौरीगंज में सोमवार रात भर लोगों जागना पड़ गया। रात करीब 10 बजे बारिश के बाद बिजली कटौती हुई तो करीब एक घंटे बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। लेकिन फिर तड़के चार बजे जंपर खराब होने से करीब तीन घंटे तक आपूर्ति फिर बाधित हो गई।
जिले के भादर व रामगंज में बिजली कटौती की समस्या से लोग रात भर सो नहीं सके। व्यापार मंडल अध्यक्ष दीपक अग्रहरि ने बताया कि रात भर में करीब 10 बार बिजली कटौती हुई। स्थानीय निवासी शिवम मिश्र, कर्मपाल आदि ने बिजली व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है। अमेठी तहसील क्षेत्र में सोमवार रात हुई बारिश में ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली गुल हो गई। पांच घंटे तक आपूर्ति ठप रहने से भीषण गर्मी में लोग रात में सो नहीं सके।
पीठीपुर बिजली उपकेंद्र के कोरारी फीडर की मेन लाइन पर सोमवार देर रात करीब एक बजे बारिश के चलते फाॅल्ट आ गया, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। भेटुआ उपकेंद्र के धरईमाफी फीडर पर भी देर रात फाॅल्ट आ गया, जिससे फीडर की आपूर्ति चार घंटे ठप हो गई।
बारिश थमने के बाद जब लाइनमैन फॉल्ट तलाशने निकले तो उसे खोजने में ही पांच घंटे लग गए। मंगलवार भोर में फाल्ट दुरुस्त करने के बाद आपूर्ति बहाल हो पाई। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश होने के साथ ही बिजली गुल होना आम है। गर्मियों में दिन और रात में बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं है।
परेशान लोग जब बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबरों पर फोन करते हैं तो गोलमोल जवाब दिया जाता है। पीठीपुर के जेई रवि कुमार ने बताया कि फाॅल्ट सही कर आपूर्ति बहाल करा दी गई थी। उन्होंने कहा कि रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति देने का प्रयास किया जा रहा है।