अमेठी सिटी। भीषण गर्मी और उमस के बीच शनिवार और रविवार की रात जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कहीं दो घंटे तो कहीं छह घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। पंखे और कूलर बंद होने से लोगों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ी। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, छोटे बच्चों और बीमार लोगों को हुई।
जिला मुख्यालय पर शनिवार रात आठ बजे राजगढ़ और विकास भवन फीडर में ब्रेकडाउन होने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। करीब तीन घंटे बाद रात 11 बजे सप्लाई बहाल हो सकी। सेमरौता उपकेंद्र क्षेत्र में चार से पांच घंटे तक बिजली नहीं रही, जबकि जामो उपकेंद्र से रात नौ बजे से 11 बजे तक आपूर्ति बाधित रही।
फुरसतगंज उपकेंद्र के टेकारी-उदारी, फुरसतगंज और डिघिया फीडरों से शनिवार रात 12 बजे से रविवार सुबह पांच बजे तक लगातार बिजली गुल रही। बाजार शुकुल में 33 केवी कठौरा लाइन में खराबी आने से करीब पांच घंटे तक आपूर्ति ठप रही।
संग्रामपुर क्षेत्र के करीब 150 गांवों में तीन घंटे अघोषित कटौती हुई। भादर क्षेत्र में लगभग छह घंटे बिजली नहीं रही। घोरहा और पीपरपुर उपकेंद्रों से जुड़े करीब 60 गांवों में लोग उमस से परेशान होकर छतों और घरों के बाहर रात बिताने को मजबूर रहे। मुंशीगंज क्षेत्र में दो घंटे से भी कम समय बिजली मिली। पीठीपुर पावर हाउस क्षेत्र में रविवार सुबह भी लगभग हर घंटे कटौती होती रही।
बाजार शुकुल निवासी शुभम गुप्ता ने बताया कि लगातार बिजली बाधित होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। फुरसतगंज के सुरेंद्र सिंह, प्रेमपाल और बबलू ने बताया कि पांच घंटे बिजली न रहने से रातभर लोग सो नहीं सके।
अधीक्षण अभियंता अरुण कुमार ने बताया कि कंट्रोल के निर्देश पर बिजली कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग प्रयास कर रहा है।