.तिलोई तहसील में नायब तहसीलदार उत्तरी के खिलाफ प्रदर्शन करते वकील।-संवाद
तिलोई। नायब तहसीलदार उत्तरी की कोर्ट में मंगलवार को हुए विवाद के बाद अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि एक वकील को गार्ड के माध्यम से कोर्ट कक्ष से बाहर करा दिया गया। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने नारेबाजी की और बैठक कर नायब तहसीलदार उत्तरी एवं दक्षिणी न्यायालय के अनिश्चितकालीन बहिष्कार का निर्णय लिया।
अधिवक्ता नारायण मिश्र ने बताया कि उनका एक मुकदमा पोषणीयता के आदेश के लिए नियत था। बहस पूरी होने के बाद पत्रावली 21 जून को आदेश के लिए रखी गई थी, लेकिन लंबे समय तक पत्रावली उपलब्ध नहीं कराई गई। बाद में अंतिम आदेश पारित होने की जानकारी मिली। आरोप है कि जानकारी मांगने पर नायब तहसीलदार ने गार्ड की मदद से उन्हें कोर्ट कक्ष से बाहर करा दिया।
बार एसोसिएशन के महामंत्री सुरेंद्र कुमार शुक्ल ने बताया कि घटना के विरोध में मंगलवार को न्यायिक कार्य का बहिष्कार किया गया। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता संघ ने बैठक कर नायब तहसीलदार उत्तरी और दक्षिणी की अदालतों के अनिश्चितकालीन बहिष्कार का निर्णय लिया। प्रदर्शन में दलजीत सिंह, रणविजय सिंह, विजय शुक्ल, उमाकांत शुक्ल, विनोद मिश्र, मनोज कुमार तिवारी आदि शामिल रहे।