गौरीगंज (अमेठी)। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान, बीडीसी व डीडीसी प्रत्याशियों को चुनावी खर्च के लिए नया बैंक अकाउंट खोलना होगा। नामांकन से लेकर मतगणना तक का पूरा लेन-देन इसी खाते से व्यय करना होगा। खर्च की गई राशि का मदवार विवरण व रसीद आरओ के पास जमा करनी होगी। प्रत्याशियों के खर्च की निगरानी करने के लिए डीएम ने व्यय अनुश्रवण समिति का गठन कर दिया है।
निर्वाचन आयोग की ओर निर्धारित व्यय सीमा में ही प्रत्याशी चुनाव के दौरान खर्च करने के लिए ग्राम प्रधान, बीडीसी व डीडीसी प्रत्याशियों को अलग से बैंक अकाउंट खोलना अनिवार्य होगा। ग्राम पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशियों के लिए बैंक अकाउंट अनिवार्य नहीं है।
आयोग का निर्देश मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने निष्पक्ष मतदान के लिए जिले में व्यय अनुश्रवण समिति का गठन किया है। समिति गठन के साथ ही प्रत्याशियों को नामांकन के दौरान ही आरओ के पास बैंक डिटेल जमा करने के साथ ही नामांकन से लेकर मतगणना तक विभिन्न मदों में खर्च की जा रही राशि का विवरण व्यय लेखा रजिस्टर में अंकित करने के साथ रसीद आरओ के पास जमा करनी होगी।
प्रतिदिन व्यय का लेखा तैयार करते हुए समिति से सत्यापन करना होगा। डीएम ने बताया कि ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य 75 हजार रुपये तो डीडीसी सदस्य डेढ़ लाख रुपये खर्च कर सकेंगेे। निर्धारित सीमा से अधिक खर्च होने पर प्रत्याशियों का नामांकन निरस्त कर कार्रवाई की जाएगी।
इतना ही नहीं, डीएम ने समिति को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों के खर्च पर निगरानी करते हुए अधिक खर्च करने वालों पर कार्रवाई की संस्तुति करने को कहा है। डीएम ने समिति को व्यय लेखा निगरानी में लापरवाही पर कार्रवाई करने चेतावनी दी है।
इनको मिली निगरानी की जिम्मेदारी
एडीएम सुशील प्रताप सिंह ने बताया कि डीडीसी प्रत्याशियों के व्यय की निगरानी के लिए एडीएम न्यायिक सुधीर रूंगटा, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राकेश कुमार व वरिष्ठ कोषाधिकारी आलोक राजवंशी को नामित किया गया है।
इसी तरह गौरीगंज में ग्राम प्रधान व बीडीसी प्रत्याशियों के खर्चे की निगरानी एसडीएम संजीव कुमार के साथ तहसीलदार घनश्याम भारतीय व सहायक कोषाधिकारी अजय कुमार मौर्य, तिलोई में एसडीएम योगेेंद्र सिंह, तहसीलदार दिग्विजय सिंह व वित्त एवं लेखाधिकारी श्रीराम मौर्य, मुसाफिरखाना में एसडीएम सुनील त्रिवेदी, तहसीलदार श्रद्धा सिंह व वित्त एवं लेखाधिकारी स्नेहिल चौधरी तथा अमेठी में एसडीएम महात्मा सिंह, तहसीलदार पवन कुमार शर्मा व एएओ आशुतोष मिश्र करेंगे। एडीएम ने बताया कि समिति को सक्रिय हो कर निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।