गौरीगंज इफको केंद्र पर खाद के इंतजार में धूप से बचाव के लिए छाता लगाकर बैठी महिला किसान। संवाद
अमेठी सिटी। खरीफ सीजन में खाद वितरण केंद्रों पर सोमवार को किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। केंद्र खुलने से पहले ही साधन सहकारी समितियों और इफको केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लग गईं। घंटों इंतजार के बाद भी कई किसानों को खाद नहीं मिल सकी। बायोमीट्रिक सत्यापन में देरी और अधिक भीड़ के कारण वितरण की रफ्तार धीमी रही। कई किसान शाम तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
जिले की 76 साधन सहकारी समितियों, चार इफको केंद्रों और 31 इफको फ्रेंचाइजी पर खाद का वितरण किया गया। गौरीगंज स्थित इफको केंद्र, माधोपुर समिति और ताला केंद्र पर सबसे अधिक भीड़ रही। किसान रामसहाय ने बताया कि सुबह आठ बजे से लाइन में खड़े हैं, लेकिन काफी देर तक नंबर नहीं आया।
किसान किरन ने बताया कि दो बोरी खाद के लिए दूसरे दिन भी केंद्र का चक्कर लगाना पड़ा। माधोपुर समिति पर किसान जंगबहादुर ने बताया कि निजी दुकानों पर खाद आसानी से उपलब्ध नहीं है और जहां मिल रही है, वहां अधिक कीमत ली जा रही है। ताला केंद्र पर किसान जगेसर और जयरानी समेत कई किसानों ने बताया कि घंटों इंतजार के बाद भी खाद नहीं मिल सकी।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह निरंजन ने बताया कि सर्वर अब सामान्य रूप से काम कर रहा है। यूरिया और डीएपी का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। बीते दिनों सर्वर में आई तकनीकी समस्या के कारण वितरण प्रभावित हुआ था, जिससे केंद्रों पर भीड़ बढ़ गई। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए सभी केंद्रों के कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।