अमेठी सिटी। जिला अस्पताल के डायलिसिस विभाग में शुक्रवार को भी पांच मशीनों का संचालन नहीं हो पाया। तीन मशीनों से सात मरीजों की डायलिसिस हुई। 41 मरीजों को शनिवार की तारीख दी गई है। कर्मी मशीनों को दुरुस्त करने में लगे हैं।
जिला अस्पताल में बुधवार से डायलिसिस विभाग सही से संचालित नहीं हो रहा है। विभाग में अभी आठ डायलिसिस मशीनें हैं। इनमें दो पॉजीटिव व छह निगेटिव मरीजों के लिए हैं। प्रतिदिन यहां तीन शिफ्ट में 24 मरीजों की डायलिसिस होती है। बीते दो दिनों से आई समस्या के कारण 48 मरीजों की डायलिसिस नहीं हो पाई। शुक्रवार सुबह डायलिसिस सेवा प्रदाता कंपनी के प्रदेश कोआर्डिनेटर संदीप पाल व विभाग इंचार्ज अंकित शुक्ल आपूर्ति बहाल होने के बाद मशीनाें को संचालित कराने के प्रयास में जुटे रहे। सुबह तीन मशीनें संचालित होने के बाद विभाग में पहुंचे सात मरीजों की डायलिसिस हुई। वहीं अन्य पांच मशीनों को संचालित कराने के प्रयास में कर्मी जुटे रहे। प्रदेश कोआर्डिनेटर ने बताया कि शनिवार को चार शिफ्ट चलाकर सभी मरीजों की डायलिसिस कराई जाएगी।