अमेठी। माघ मेला के प्रमुख पर्व मौनी अमावस्या को लेकर प्रयागराज संगम स्नान को लेकर अमेठी डिपो से बृहस्पतिवार की दोपहर बाद तक सिर्फ छह बसें ही प्रयागराज के लिए निकल सकीं। जबकि ट्रेन और निजी वाहनों से भारी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए संगम को रवाना हुए।
अमेठी डिपो की ओर से नियमित दो बसों को मिला कर 13 बसें और शाहजहांपुर डिपो की 10 बसें पर्व स्नान के लिए लगाई गई है। 13 बसें अमेठी बस स्टेशन, पांच बसें जगदीशपुर और पांच बसें कादीपुर बस स्टेशन से पर्व पर स्नान करने के लिए लगाई गई हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर बाद तक पांच बसें अमेठी बस स्टेशन से तो एक बस जगदीशपुर बस स्टेशन से दर्शनार्थियों को लेकर प्रयागराज के लिए गई है।
अमेठी डिपो के संचालन प्रभारी सूर्य भान सिंह, पूरनलाल ने बताया कि मौनी अमावस्या पर्व पर स्नान के लिए अमेठी से प्रयागराज के लिए दो नियमित सहित पांच बसें तथा जगदीशपुर बस स्टेशन से एक बस श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज गई हैं। बताया कि देरशाम और शुक्रवार सुबह यात्रियों की भीड़ होने की संभावना है। सभी बसें चिन्हित प्वाइंटों पर लगी है। एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि तीर्थ यात्रियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है।
भाड़ा अधिक होने से ट्रेन एवं निजी वाहन आसान
परिवहन निगम की ओर से अमेठी से प्रयागराज के लिए एक यात्री का एक तरफ का किराया 155 रुपये है। वहीं, जगदीशपुर से प्रयागराज के लिए रोडवेज का किराया करीब 210 रुपये है। ऐसे में लोगों की मानें तो ग्रुप में वाहन बुक कर जाने से जहां किराया आधा हो जाता है, वहीं उन्हें तमाम परेशानियों से भी निजात मिलती है। ट्रेन का किराया सस्ता है। मेला पहुंचने में आसानी होती है। इस कारण लोग निजी वाहन एवं ट्रेन का ही ज्यादा सहारा ले रहे हैं।