संग्रामपुर के कालिकन परिसर स्थित शनिदेव धाम में दर्शन-पूजन करते श्रद्धालु। -संवाद
संग्रामपुर। कालिकन परिसर स्थित शनिदेव धाम में शनिवार को दर्शन-पूजन के लिए सुबह से श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। दिनभर श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर शनिदेव के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। शाम तक मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन का क्रम चलता रहा।
मंदिर परिसर के बाहर लगे मेले में भी लोगों की आवाजाही बनी रही। पूजन सामग्री, प्रसाद, खिलौने, शृंगार सामग्री तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर भीड़ जुटी रही। बच्चों और महिलाओं ने भी मेले में खरीदारी की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।
भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। शनिदेव मंदिर की पुजारी मीना मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को अमेठी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। श्रद्धालु विधिविधान से पूजा-अर्चना कर शनिदेव का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और मेले में खरीदारी की।