गौरीगंज स्थित लोदी बाबा धाम में दर्शन-पूजन करते श्रद्धालु। -संवाद
अमेठी सिटी। गौरीगंज स्थित लोदी बाबा धाम में बृहस्पतिवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। भक्तों ने बाबा के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने विधिविधान से पूजा-अर्चना करने के बाद मंदिर की परिक्रमा कर प्रसाद अर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारे भी लगाए।
मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा। आसपास के गांवों के साथ ही दूरदराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में लगे मेले का आनंद लिया। महिलाओं और युवतियों ने शृंगार सामग्री व घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर खरीदारी की, जबकि बच्चों की भीड़ खिलौनों की दुकानों पर रही।
मिठाई और जलपान की दुकानों पर भी पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। पूजन-अर्चन कर श्रद्धालुओं ने क्षेत्र में सुख-शांति, अच्छी फसल और परिवार की उन्नति की कामना की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे दिन मंदिर परिसर में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा।