अमेठी सिटी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षाएं फरवरी से प्रारंभ होने जा रही हैं। परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के डेटा का शुद्धिकरण शुरू कर दिया है। सभी विद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने यहां कार्यरत शिक्षकों का अद्यतन विवरण विभागीय पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक जिले के 85 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होंगी। पूर्व वर्षों में रिकॉर्ड अपडेट न होने से दिवंगत और स्थानांतरित शिक्षकों के नाम परीक्षा ड्यूटी सूची में दर्ज हो गए थे, जिससे व्यवस्था प्रभावित हुई थी। इसी समस्या से बचने के लिए इस बार विशेष रूप से डेटा शुद्धिकरण पर जोर दिया गया है।
विभाग ने माध्यमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे शिक्षकों की वर्तमान तैनाती, स्थानांतरण की स्थिति और अन्य आवश्यक विवरण समय से पोर्टल पर दर्ज करें। इसी आधार पर परीक्षा ड्यूटी का निर्धारण किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गलत या अधूरी जानकारी अपलोड होने की स्थिति में संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि समय पर सही और पूर्ण डेटा अपलोड होने से परीक्षा ड्यूटी का आवंटन सुचारु व पारदर्शी रहेगा। इससे अंतिम समय में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होगी।
फैक्ट फाइल
राजकीय कॉलेज 37
एडेड इंटर कॉलेज 25
वित्तविहीन इंटर कॉलेज 180
हाईस्कूल परीक्षार्थी - 13,410 छात्र, 12,770 छात्राएं
इंटरमीडिएट परीक्षार्थी - 10,108 छात्र, 10,937 छात्राएं