गौरीगंज स्थित ब्लाॅक परिसर में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।-स्रोत : आंगनबाड़ी कार्यकर्ता
अमेठी सिटी। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर बृहस्पतिवार को प्रांतीय आह्वान पर आंगनबाड़ी कर्मचारी व सहायिका एसोसिएशन की ओर से ब्लॉक गौरीगंज परिसर में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मियों ने अपनी मांगों के समर्थन में ब्लॉक से पुराने कलेक्ट्रेट परिसर तक पैदल मार्च निकाल कर आवाज बुलंद की। पीएम व सीएम को संबोधित 11 सूत्री मांगपत्र जिला प्रशासन को सौंपा।
आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय आह्वान पर आंगनबाड़ी कर्मचारी व सहायिका एसोसिएशन की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने ब्लॉक परिसर में डीपीओ संतोष कुमार श्रीवास्तव को अपनी समस्याएं बताईं। कहा कि इस महंगाई में मानदेय के नाम पर मात्र छह हजार रुपये प्रति माह मिल रहे हैं। इससे जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है। 62 वर्ष की आयु में ही सेवानिवृत्त करने के बाद पेंशन, ग्रेच्युटी व बीमा का भी लाभ नहीं दिया जाना खेद का विषय है। डीपीओ ने समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन में बताया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारी घोषित करने के साथ उन्हें 18 हजार रुपये व सहायिकाओं को 9000 रुपये प्रति माह मानदेय दिया जाए। आंगनबाड़ी व सहायिकाओं की सेवा नियमावली बनाई जाए। केंद्र पर व्यवस्था आदि के लिए दिए जाने वाले बजट को सीधे खाते में भेजा जाए। एजुकेटर की भर्ती को तत्काल रद्द करने के साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मुख्य सेविका पद पर तथा सहायिकाओं को कार्यकर्ताओं के पद पर प्रोन्नत किया जाए। इस दौरान जिलाध्यक्ष भानुमती सरोज, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिंदू गुप्ता, सुदामा मौर्या, सरोज शुक्ला, गीता देवी, श्याम पती, रेखा, किरनलली, ममता मौर्य, कमला कृष्णा, अमिता तिवारी, माया, कलावती आदि मौजूद रहीं।