अमेठी सिटी। सांसद किशोरी लाल शर्मा ने राम मंदिर चंदा के पूरे मामले की जांच सिटिंग जज की अध्यक्षता में कराने की मांग की है। सोमवार को गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि जांच समिति का दायरा व्यापक होना चाहिए। समिति को किसी भी व्यक्ति से स्वतंत्र रूप से पूछताछ का अधिकार भी मिलना चाहिए। तभी लगेगा कि सरकार वास्तविक दोषियों तक पहुंचना चाहती है।
सांसद ने कहा कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। ताकि समिति किसी भी पद पर बैठे व्यक्ति से बिना किसी दबाव के पूछताछ कर सके। उन्होंने कहा कि सीमित अधिकार वाली जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने नहीं आएगी।उन्होंने नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामलों पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर की कई परीक्षाएं प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं से प्रभावित हुई हैं। इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।