सिंहपुर (अमेठी)। सीएचसी में मृत शिशु पैदा होने के मामले में परिजनों ने हंगामा किया। परिजनों ने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को शिकायती पत्र भेजकर इलाज में लापरवाही व बच्चा मृत होने के बाद रिश्वत की रकम नहीं लौटाने का आरोप लगाया है। तिलोई तहसील के ग्राम उसरहा निवासी धर्मेंद्र ने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक को शिकायती पत्र लिखा है। 28 मार्च की शाम चार बजे पत्नी संगीता का प्रसव सीएचसी सिंहपुर में हुआ। प्रसव से पहले नर्स ने कई जटिलताओं का हवाला देते हुए रेफर करने की बात कही। बाहर ले जाने की तैयारी करने पर एक नर्स ने दो हजार रुपये रिश्वत देने पर सुरक्षित प्रसव का प्रस्ताव दिया।
आरोप है कि बिना चिकित्सक को बुलाए आनन-फानन में प्रसव करा दिया, जिससे मृत शिशु हुआ। बाद में मांगने पर पैसे भी नहीं वापस किए। आरोप है कि अस्पताल के बाहर से 1850 रुपये की दवाएं भी मंगवाई, जिसका पर्चा पीड़ित के पास है। अवैध वसूली व लापरवाही के संबंध में कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे इस तरह की घटनाओं पर लगाम लग सके। सीएचसी अधीक्षक सुनील ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है।