जायस (अमेठी)। काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली से प्रयागराज जा रहे एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शुक्रवार भोर उसका शव जायस रेलवे स्टेशन के पास मिला है। मृतक का मोबाइल मिला, लेकिन बैग गायब है। उसकी मौत कैसे और किन कारणों से हुई, इसको लेकर जायस पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रयागराज के सरांय ममरेज इलाके के महरछा निवासी शिवा सरोज (20) पुत्र अशोक सरोज दिल्ली में किसी निजी कंपनी में काम करता था। बृहस्पतिवार रात वह काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस ट्रेन पर सवार होकर दिल्ली से प्रयागराज के लिए चला था। शुक्रवार भोर साढ़े पांच बजे यात्रियों ने जायस रेलवे स्टेशन के पास शिवा को मृत हालत में पड़ा देखा तो स्टेशन अधीक्षक हजारी लाल मीणा को जानकारी दी।
उन्होंने आरपीएफ व पुलिस को बताया। जानकारी होने पर जीआरपी, आरपीएफ व पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच-पड़ताल की तो मृतक की जेब में मोबाइल मिला। मोबाइल में कई मिस्डकॉल थीं। उनमें से पुलिस ने एक नंबर पर कॉल की तो मृतक के परिवार वालों से संपर्क हुआ। पुलिस ने शव की पहचान करते हुए परिवार वालों को बुलाया। सूत्रों का दावा है कि मृतक का बैग नहीं मिला है।
जायस थाना प्रभारी रवि कुमार सिंह का कहना है कि मृतक ने रात को परिवार से फोन पर बात करते हुए बताया कि उसे घबराहट हो रही है। स्टेशन पर उतर रहा है, लेकिन यह नहीं बता पाया कि स्टेशन कौन सा है। सुबह सूचना मिली तो जायस रेलवे स्टेशन के करीब से उसका शव बरामद किया गया। उसका मोबाइल मिला है। अन्य सामान नहीं मिला। परिवार के लोगों का कोई आरोप नहीं है।
जब पुलिस व जीआरपी के बीच शव को लेकर छिड़ा सीमा विवाद
युवक का शव रेलवे स्टेशन के पास मिलने की सूचना पर जीआरपी, स्थानीय पुलिस व आरपीएफ भी पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव जिस जगह पड़ा था, उस स्थान को लेकर जीआरपी व पुलिस के बीच सीमा विवाद छिड़ गया।
पुलिस दावा कर रही थी कि शव उनकी सीमा में नहीं है, और जीआरपी अपने क्षेत्र में शव नहीं होने की बात कह रही थी। काफी देर तक बात-विवाद होता रहा। आखिर में जायस पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू की। पुलिस व जीआरपी सीमा विवाद की बात से इन्कार कर रही है। जीआरपी एसओ विनोद कुशवाहा का कहना है कि सीमा विवाद नहीं था। जायस एसओ रवि कुमार सिंह का कहना है कि शव को लेकर सीमा विवाद नहीं था। पुलिस कार्रवाई कर रही है।
मां से बोला था शिवा...चक्कर आ रहे हैं, पहुंच नहीं पाऊंगा..
प्रयागराज के युवक शिवा की मौत की खबर पाकर उसके चाचा सहित अन्य परिजन जायस पहुंच गए। कहा जा रहा है कि शिवा ने रात करीब 11 बजे अपनी मां से बात करते हुए कहा था कि मां मेरी तबियत ठीक नहीं है। चक्कर आ रहा है। घर पहुंच नहीं पाउंगा। उसकी मां व परिवार के लोगों ने पूछा कि अभी कहां पहुंचे हो। इस पर वह सही से नहीं बता पाया।
परिजनों के मुताबिक, उसने कभी बरेली तो कभी रायबरेली बताया। परिवार के लोग स्पष्ट नहीं हो रहा था कि शिवा कहां पहुंचा है। कुछ देर बाद से शिवा का मोबाइल नहीं उठा। भोर पहर जब उसका शव मिला। पुलिस ने जेब से मोबाइल बरामद किया तो उसमें कई मिस्डकॉल थीं। उसी के सहारे पुलिस संपर्क कर सकी।