फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amethi News: तालाब में मिली युवक की लाश... हत्या के आरोप में जमानत पर था, मर्डर किए जाने की आशंका

Sat, 17 Jan 2026 07:48 PM IST
भूपेन्द्र सिंह अमर उजाला नेटवर्क, अमेठी

सार

अमेठी में तालाब में युवक की लाश मिली। यह हत्या के आरोप में जमानत पर था। ग्रामीणों ने मर्डर किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगे पढ़ें पूरा अपडेट...
विज्ञापन
मौके पर मौजूद लोग और पुलिस, आशीष की फाइल फोटो। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

यूपी के अमेठी में शनिवार की सुबह एक युवक की लाश तालाब में मिली। खबर मिली तो घरवाले रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है। 

विज्ञापन


घटना संग्रामपुर थाना क्षेत्र के खौसी का पुरवा की है। यहां स्थित हनुमान मंदिर के पास तालाब में आशीष मिश्र (32) का शव मिला। वह मड़ौली गांव का रहने वाला था। ग्रामीणों ने हत्या करके शव फेंकने की बात कही है। हालांकि परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहने की बात कह रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घरवालों ने संपर्क किया तो मोबाइल बंद मिला

मृतक के पिता कामता प्रसाद ने बताया कि आशीष एक सप्ताह पहले बहन के घर लखनऊ गया था। शुक्रवार को दोपहर इंटरसिटी ट्रेन से वह दामद के साथ अमेठी पहुंचा था। रेलवे स्टेशन से दामद अपने घर चले गए। लेकिन, आशीष घर नहीं पहुंचा। देर शाम तक इंतजार करने के बाद उससे संपर्क करने का प्रयास किया गया। उसका मोबाइल बंद मिला।

शनिवार की सुबह गांव से करीब 600 मीटर दूर हनुमान मंदिर के पास तालाब में शव मिला। शौच को गए ग्रामीणों ने देखा तो अन्य लोगों को जानकारी दी। कुछ देर में उसकी पहचान हुई। इसके बाद घरवालों को खबर दी गई। सूचना पर घरवाले और पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।   
 

तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी

थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में तालाब में गिरने से मौत की बात सामने आ रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजनों ने अब तक कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

तालाब किनारे टाफी... बीड़ी और नशे का सामान मिला

वहीं जहां आशीष का शव मिला, वहां पर टाफी, बीड़ी का बंडल सहित कई और नशे का सामान बरामद हुआ है। चर्चा है कि मौके पर नशा करने के बाद हत्या करके शव फेंका गया है। फिलहाल, मामले में परिजनों की चुप्पी है। कई सवाल ऐसे हैं जिनका जवाब पुलिस खोज रही है।
विज्ञापन

बेटे की मौत से बिलख उठी मां

आशीष की मौत की खबर से परिवार में मातम छाया है। मां सावित्री का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन रीता भी गहरे सदमे में है। उपनिरीक्षक से सेवानिवृत्त पिता कामता प्रसाद गमगीन हैं। रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। बड़े भाई कुलदीप मिश्र और छोटे भाई बृजेश मिश्र सेना में तैनात हैं, जो सूचना मिलते ही घर के लिए रवाना हो गए हैं।

जमानत पर था आशीष

आशीष मिश्र का नाम मार्च 2021 में हथकिला गांव निवासी सुधीर कुमार श्रीवास्तव उर्फ पिंटू की हत्या के मामले में सामने आया था। इस प्रकरण में वह मुख्य आरोपी बनाया गया था। करीब दो वर्ष पहले वह न्यायालय से जमानत पर रिहा होकर घर लौटा था। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें