अमेठी सिटी। घर से निमंत्रण के लिए निकले युवक का शव मंगलवार को सुबह संदिग्ध हालात में गौरीगंज में लोदी बाबा नाले में बाइक से कुछ दूर पड़ा मिला। घटना को लेकर परिजन हत्या की आशंंका जता रहे हैं। हालांकि हत्या के बारे में कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना को सड़क हादसा मान रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
गौरीगंज थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर तीन पचेहरी गांव निवासी रामतीरथ (27) सोमवार को घर से सकरावा गांव निमंत्रण में शामिल होने बाइक से निकला था। देर शाम उसने फोन करके परिजनों को बताया कि अभी वह मनीपुर गांव में है। इसके बाद बरनाटीकर होकर वह वापस घर आएगा, लेकिन रात में भी रामतीरथ घर नहीं पहुंचा। इस पर परिजनों ने तलाश शुरू की। मंगलवार को सुबह गौरीगंज से गुजरने वाले टांडा-बांदा हाईवे स्थित लोदीबाबा नाले में उसकी बाइक पड़ी होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पाकर पुलिस व परिजन मौके पर पहुंचे। बाइक की पहचान होने के बाद संदेह के आधार पर नाले में तलाश शुरू की गई।
करीब 50 मीटर दूर रेल ट्रैक पुल के पास रामतीरथ का शव नाले में बरामद हुआ। एसएचओ श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि पुल पर रेलिंग नहीं होने से रात में अनियंत्रित होकर बाइक सहित युवक की नाले में गिरने से मौत की संभावना लग रही है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। यदि तहरीर मिलती है तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
पति की मौत की सूचना पर बेहोश हो गई पत्नी
रामतीरथ की मौत की सूचना घर पहुंची तो पति का रात से घर आने का इंतजार कर रही पत्नी निशा बेहोश हो गई। होश में आने पर सिर्फ एक ही बात कहती है कि कोई उनको बुला दो सुबह हो गई है। भोजन तो कर लें। नहीं तो बिना भोजन किए मजदूरी करन चले जाएंगे। महिलाएं निशा को संभालने की कोशिश करती रहीं। मां श्यामकली तो बेटे की मौत से बदहवास सी हो गई है। पिता व भाई भी गमगीन हैं।