भादर (अमेठी)। रामगंज इलाके के दुल्हिनपुर गांव के पास एक युवक का शव मिला है। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक मृतक के शरीर पर चोट के निशान होने के कारण प्रतीत हो रहा है कि उसकी हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत का राज खुल सकेगा। शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। रामगंज थाना क्षेत्र के दुल्हिनपुर गांव के पास सूनसान स्थान पर एक खेत में बुधवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मृतक ने सफेद शर्ट व नीली जींस पहन रखी थी। पैर में न जूते थे न चप्पल। मोबाइल भी उसके पास से बरामद नहीं हुआ। मृतक के मुंह-नाक से खून निकल रहा था। पड़ोस में डंडों के टूटे हुए टुकड़े पड़े थे। मृतक ने जो कपड़े पहन रखे थे, उनमें मिट्टी सनी हुई थी।
समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। थानाध्यक्ष देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक की मौत का क्या कारण है। शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।