काशीराम कालोनी जांच पड़ताल करती हुई पुलिस
जायस (अमेठी)। जायस कोतवाली क्षेत्र के काशीराम काॅलोनी सद्भावना पार्क के ब्लॉक नौ की तीसरी मंजिल स्थित कमरे में रविवार को एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध हालात में मिला है। शव दुर्गंध दे रहा था, जिससे मौत कई दिन पहले की प्रतीत हो रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
जायस के काशीराम कॉलोनी सद्भावना पार्क के ब्लॉक नौ की तीसरी मंजिल के कमरे में वाहिद अली उर्फ दादू (75) अकेले रहता था। घुमंतू प्रवृत्ति का दादू मांग-खाकर अपना जीवन यापन कर रहा था। रविवार को वाहिद अली को अपना खालू बताने वाले निजामुद्दीन उर्फ छोटू की पत्नी रसोइ गैस समाप्त होने के बाद छत पर रखी लकड़ी उतराने गई तो दुर्गंध आता देख कमरा खोला। कमरे में चारपाई पर वाहिद अली का शव देख उसने मामले की सूचना पति को दी। पति ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस कर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। निजामुद्दीन ने बताया कि वाहिद अली के साथ कोई नहीं रहता था। स्थानीय लोगों मुताबिक, कई दिन से दादू दिखाई भी नहीं पड़ रहा था। एसएचओ रवि कुमार सिंह ने बताया कि सूचना के बाद वाहिद अली के पास मिले आधार कार्ड पर कमरी कासिमपुर का पता अंकित है। प्रथम दृष्टया बीमारी से दो दिन पूर्व मौत होना प्रतीत हो रहा है। निजामुद्दीन की सूचना पर शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।