गौरीगंज स्थित पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर खड़े गमगीन मृतक बुजुर्ग के परिजन।-संवाद
अमेठी। पांच दिन से लापता बुजुर्ग का शव गांव के बाहर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। परिजनों के मुताबिक वह कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था जिसके चलते उसने ऐसा कदम उठा लिया। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के कोहरा गांव निवासी 59 वर्षीय सुरेश कुमार शुक्ला 22 अप्रैल को घर से लापता हो गए थे। परिवार के लोगों ने पहले उनकी तलाश की लेकिन जब कहीं पता नहीं चला तो उनके बेटे ज्ञानेंद्र शुक्ला की तहरीर पर अमेठी पुलिस ने 24 अप्रैल को गुमशुदगी दर्ज कर जांच में जुटी थी।
इसी बीच लापता होने के पांचवें दिन शनिवार की शाम करीब छह बजे सुरेश कुमार शुक्ला का शव घर से करीब तीन सौ मीटर दूर आम के पेड़ की ऊंची डाली पर रस्सी के सहारे लटका मिला। दुर्गंध आने पर लोगों को पता चला। जानकारी होने पर वहां काफी ग्रामीण जमा हो गए। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की।
घटना को लेकर मृतक के भाई दिनेश कुमार का कहना है कि वह घर में ही रहते थे, पूजा-पाठ करते थे। कुछ समय से वह परेशान थे। अमेठी कोतवाल कृष्ण मोहन सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बेटे की तहरीर पर गुमशुदगी का मुकदमा 24 अप्रैल को दर्ज किया गया था। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।