बाजारशुकुल (अमेठी)। गोमती नदी में डूबे अधेड़ का शव छह दिन बाद घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर बुड़हा घाट भड़रा गांव के पास मिला है। शव की पहचान के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नदी में अधेड़ का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाजारशुकुल थाना क्षेत्र के पाली गांव निवासी हरिशरण पाल (49) मंगलवार की सुबह गोमती नदी में नहाते समय डूब गया था। डूबने के बाद उसकी स्थानीय गोताखोरों की मदद से खूब तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला था।
इसके बाद एसडीआरएफ टीम की मदद ली गई। बृहस्पतिवार से एसडीआरएफ भी उसकी तलाश कर रही थी। रविवार को सुबह घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर बुड़हा घाट भड़रा गांव के पास शव नदी में उतराता मिला। एसओ दयाशंकर मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।