जायस। छोटा गोरियाना गांव निवासी रईस (25) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शुक्रवार को लखनऊ–प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर पूरे नगदैयापुर गांव के पास मिला। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के भाई मो. शरीफ के मुताबिक रईस गौरीगंज में एक निजी दुकान पर वेल्डिंग का काम करता था। शुक्रवार सुबह वह घर से दुकान जाने के लिए निकला था। दोपहर बाद सूचना मिली कि उसका शव लखनऊ–प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर पूरे नगदैयापुर गांव के पास पड़ा है।
परिजनों के अनुसार घर और हाईवे से करीब एक किलोमीटर दूर वह रेल ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है। घटना को लेकर परिजन भी असमंजस में हैं।
एसओ अमरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रेन की चपेट में आने से मौत होने की आशंका है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
बेटे का शव देखकर बिलख पड़े पिता
रईस की मौत के बाद पिता मो. जब्बार बेटे का शव देखकर बिलख पड़े। भाई मो. शरीफ और मो. अनीस का भी रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां साबिरा बानो का एक वर्ष पहले ही निधन हो चुका है। रईस की अभी शादी नहीं हुई थी।