भादर। सुल्तानपुर के शिवगढ़ क्षेत्र के बैजूपुर गांव के रिंकू वर्मा (20) का शव रविवार को पीपरपुर के अयोध्या-प्रयागराज रेलखंड पर दुर्गापुर रेल क्रॉसिंग के पास स्थित नरवहनपुर गांव के निकट संदिग्ध हालात में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान होने पर घटना की जानकारी परिजनों को दी। घर में मातम पसरा है।
रिंकू के पिता रामपाल वर्मा ने बताया कि बेटा लंबे समय से मनोरोगी था। उसका उपचार चल रहा था। शनिवार सुबह रिंकू अचानक पैदल घर से निकल गया। दिनभर खोजते रहे, मगर उसका कुछ पता नहीं चला। रात बीतने पर परिजन परेशान हो उठे। रविवार सुबह पता चला कि दुर्गापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास एक युवक का शव पड़ा है। वहां पहुंचे तो रिंकू की पहचान हुई।
परिजनों ने कहा कि वह वहां कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी नहीं है। घरवालों का कहना है कि इस घटना पर उनका किसी पर कोई आरोप नहीं है। प्रभारी निरीक्षक श्रीराम पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में युवक की मौत ट्रेन से कटने की आशंका सामने आई है।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे। इकलौते बेटे रिंकू की मौत से मां दुलारा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता रामपाल वर्मा सदमे में हैं। बहनें राधा और राधिका भाई की मौत से बिलख उठीं। गांव के लोग शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।