शाहगढ़। जगदीशपुर के गोसाई का पुरवा हुसैनकला गांव निवासी विजय गिरि (27) का शव शनिवार को गांव के पास नलकूप की टंकी में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बाजारशुकुल के धनेशा राजपूत निवासी आशीष गिरि ने बताया कि उनका मौसेरा भाई विजय शुक्रवार शाम साइकिल से घर से निमंत्रण में शामिल होने के लिए निकला था। देर रात तक न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान गांव के पास नलकूप की टंकी में उसका शव मिला, जबकि साइकिल सड़क किनारे खड़ी मिली।
परिजनों का अनुमान है कि पानी पीने के दौरान विजय टंकी में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मां शारदा, बहन मालती और भाई संदीप का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार और ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे। इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी।