कमरौली थाना क्षेत्र के पलिया पश्चिम गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
जगदीशपुर (अमेठी)। कमरौली इलाके में रविवार की सुबह शौच के लिए निकले एक युवक का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला। मृतक युवक मनोरोगी बताया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच-पड़ताल की है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कमरौली थाना क्षेत्र के पलिया पश्चिम गांव निवासी अनिल कुमार सरोज (27) रविवार सुबह घर से नित्य क्रिया के लिए गांव के पास स्थित बाग में गया था। देर तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान अनिल कुमार गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। परिजन व ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर आननफानन अनिल को फंदे से नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मौत की सूचना पर पहुंची पुलिस को पत्नी माया देवी ने बताया कि अनिल कुमार का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। वह लोग पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते। काफी देर समझाने के बाद भी परिजन जब पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस ने लिखित प्रार्थना पत्र प्राप्त कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया। एसओ अभिनेष कुमार ने बताया कि परिजन अनिल कुमार के मनोरोगी होने की बात कहते हुए पोस्टमार्टम कराने को तैयार नहीं हुए।