जगदीशपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र में एक किशोरी का शव संदिग्ध हालात में शनिवार को घर में फंदे से लटका मिला। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जगदीशपुर क्षेत्र के कपूरीपुर गांव निवासी स्व. छेदीलाल की पुत्री श्यामा देवी (16) शनिवार को घर में अकेली थी। मां पार्वती अपनी दूसरी बेटी को लेकर धान की रोपाई करने गई थी। छोटी बेटी रामावती स्कूल गईं थी। रामावती स्कूल से वापस आई तो कमरे में श्यामा देवी का शव संदिग्ध हालात में फंदे से लटकता देखा। उसके शोर मचाने पर लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक जगदीशपुर राकेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।