गौरीगंज बीआरसी पर मिश्रौली विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा इति कोरी बनी एक दिन के लिए खंड शिक्
अमेठी। मिशन शक्ति अभियान के तहत शुक्रवार को जिलेभर में महिला सुरक्षा, स्वाभिमान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित हुए। इनमें आपदा से बचाव के उपाय, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
गौरीगंज ब्लॉक संसाधन केंद्र पर मिश्रौली विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा इति कोरी को एक दिन के लिए बीईओ का दायित्व सौंपा गया। उन्होंने पदभार संभालकर निपुण विद्यालयों की समीक्षा की और अधीनस्थ कर्मचारियों को लंबित कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। इति ने अभिभावकों से शिक्षा की स्थिति पर चर्चा की और शिक्षकों की सराहना की। इस दौरान बीईओ अर्जुन सिंह, अनूप सोनी, विकास सिंह, गौरव अंकित और विजयपाल मौजूद रहे। वहीं, राजकीय इंटर कॉलेज की कक्षा 12 की छात्रा अर्पिता चौरसिया को इन्हौना थाने की एक दिन की प्रभारी बनाया गया। इसके अतिरिक्त सभी थाना क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक हुए।
उधर, जिला सेवायोजन कार्यालय के आरसेटी प्रशिक्षण संस्थान में महिला सशक्तीकरण के उद्देश्य से कॅरिअर काउंसिलिंग कार्यक्रम हुआ। सेवायोजन अधिकारी अनुपमा रानी ने महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के अवसरों की जानकारी विस्तार से दी। महिला थानाध्यक्ष कंचन ने महिलाओं को कानूनी अधिकारों, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। कंपोजिट विद्यालय नेवढ़िया में आयोजित स्वास्थ्य एवं करियर काउंसिलिंग सत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रिया सिंह ने छात्रों को मेडिकल क्षेत्र में कॅरिअर बनाने की संभावनाओं के बारे में बताया।