अमेठी सिटी। जिले में रबी फसलों की बोआई के समय डीएपी की किल्लत के बीच इफको की रैक आने से चक्कर काट रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर आई 27650 क्विंटल इफको डीएपी के रैक प्वाइंट से इफको सेंटरों व समितियों पर दूसरे दिन भी रविवार को खाद ट्रकों के माध्यम से पहुंचाई गई।
जिले में अब डीएपी के लिए किसानों की परेशानी कम हो गई। डीएपी की किल्लत के बीच किसानों को एक से दो बोरी ही डीएपी बांटी जा रही थी। ऐसे में छोटे किसानों को कुछ राहत थी, लेकिन बड़े किसानों को परेशानी हो रही थी। अब बड़े किसानों की भी परेशानी दूर हो गई। बड़े किसानों को उनकी खतौनी के अनुसार मांग अनुरूप डीएपी मिल सकेगी। किसान अब फसल की बोआई समय से कर सकेंगे।
डीएपी की रैक आने के बाद शनिवार को सुबह से ही जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, इफको क्षेत्रीय प्रबंधक शिशुपाल सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी रैक पॉइंट पर मौजूद रहकर केंद्रों व समितियों पर डीएपी ट्रकों के माध्यम से भिजवा रहे थे। दूसरे दिन भी रैक प्वाइंट से खाद ट्रकों के माध्यम से इफको केंद्रों व समितियों पर भेजी जा रही थी। गौरीगंज इफको केंद्र पर रविवार को रैक प्वाइंट से आई डीएपी को मजदूर ट्रकों से उतार कर गोदाम में रख रहे थे।
यहां पर करीब 1274 बोरी डीएपी दो ट्रकों से उतारी जा रही थी। केंद्र पर आए किसान लक्ष्मण कुमार मिश्र ने बताया कि वह करीब एक सप्ताह से डीएपी के लिए परेशान हैं। गेंहू की बोआई डीएपी नहीं मिलने से पिछड़ रही थी। बताया कि केंद्र पर मौजूद कर्मी ने कहा कि पर्याप्त डीएपी मौजूद है, सोमवार को वितरित करने की बात कही है।
खतौनी के अनुसार किसानों को मिलेगी पर्याप्त खाद
जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि जिले में आई 27650 क्विंटल इफको की डीएपी व आसपास के जिलों में आई कोरोमंडल कंपनी व आईपीएल कंपनी की रैक से 8000 क्विंटल डीएपी केंद्रों व समितियों में भेजी जा रही है। कहा कि खतौनी के अनुसार प्रति एकड़ एक बोरी के हिसाब से किसान को पर्याप्त खाद मिलेगी। जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए निर्देश दिए गए हैं।