अमेठी सिटी। जौदिलमऊ नांदी संपर्क मार्ग की पटरी पर बने गड्ढे की भराई करा दी गई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को राहत मिली है। संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से अमर उजाला के ''मेरी आवाज सुनो'' कॉलम में सड़क की पटरी पर गड्ढा, हादसे का खतरा शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मरम्मत कराई।
संपर्क मार्ग की पटरी पर रेनकट बनने से राहगीरों को परेशानी हो रही थी। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह गड्ढा खतरा बना हुआ था। खासकर रात के समय अंधेरे में गड्ढा दिखाई नहीं देने से हादसे की आशंका रहती थी। स्थानीय लोगों ने भी इसकी मरम्मत कराने की मांग की थी। खबर प्रकाशित होने के बाद विभागीय कर्मचारियों ने गड्ढे की भराई कर पटरी दुरुस्त कर दी। इससे ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिली है। अधिशासी अभियंता रमेश कुमार ने बताया कि रेनकट की भराई करा दी गई है। अब मार्ग पर आवागमन सुगम है।