अमेठी सिटी। गर्मी के दिनों में ट्रेनों का परिचालन विलंब से हो रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। शुक्रवार रात गौरीगंज आने वाली दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस 14 घंटे देरी से शनिवार को दोपहर बाद आई। इसके अतिरिक्त अन्य ट्रेनें भी देरी से संचालित हुईं।
दानापुर-आनंद विहार जनसाधारण एक्सप्रेस शुक्रवार रात 10:56 बजे पहुंचने के बजाय शनिवार दोपहर 1:22 बजे आई। साधारण कोच की इस ट्रेन से यात्रा करने वाले लोगों को पूरी रात प्लेटफार्म पर प्रतीक्षा करनी पड़ी। इसके अतिरिक्त मालदा टाउन एक्सप्रेस तीन घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल और वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस दो घंटे, राजेंद्रनगर-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे देरी से आई।
इसके साथ ही योगनगरी एक्सप्रेस दो घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस व भोपाल-प्रतापगढ़ एक घंटे देरी से आई। देहरादून-वाराणसी और अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल ढाई घंटे देरी से संचालित हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि अपरिहार्य कारण से ट्रेनें देरी से संचालित हुई हैं। ट्रेनों की आगमन की स्थिति की जानकारी समय-समय पर यात्रियों को दी जा रही है।