तिलोई स्थित गैस एजेंसी पर सिलिंडर लेने के लिए मौजूद उपभोक्ता। -संवाद
तिलोई। घरेलू गैस सिलिंडर की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। तिलोई में करीब 10 दिनों बाद सिलिंडर की खेप पहुंचने की सूचना मिलते ही उपभोक्ताओं में उम्मीद जगी, लेकिन अधिकांश लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। बुकिंग कराने और परची कटने के बाद भी बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं।
तिलोई गैस एजेंसी पर 360 सिलिंडर की खेप पहुंची। लंबे इंतजार के बाद सिलिंडर आने की जानकारी मिलते ही उपभोक्ता एजेंसी के गोदाम पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते गोदाम के बाहर लंबी कतार लग गई। कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही सिलिंडर की बुकिंग कराई और परची कटवाई, लेकिन इसके बाद भी उन्हें सिलिंडर नहीं मिल सका। उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले सिलिंडर की बुकिंग कराने में परेशानी होती है और बुकिंग के बाद भी कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है।
उपभोक्ता संदीप कुमार ने बताया कि कई दिन पहले बुकिंग कराई थी। सिलिंडर आने की सूचना पर सुबह से एजेंसी के गोदाम पर लाइन में लगे हैं। पहले बुकिंग कराने में दिक्कत हुई और अब परची की स्कैनिंग के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। परची कटने के बाद भी सिलिंडर की डिलीवरी नहीं हो पा रही है। एजेंसी संचालिका श्वेता त्रिवेदी ने बताया कि 130 उपभोक्ताओं की बुकिंग दर्ज हुई, लेकिन तकनीकी दिक्कत के कारण बहुत कम लोगों को ही सिलिंडर मिल सके।
उन्होंने बताया कि परची कटने के बाद उसकी ऑनलाइन स्कैनिंग होना जरूरी है, इसके बाद ही सिलिंडर की डिलिवरी की जाती है। बताया कि स्कैनिंग से जुड़ी साइट धीमी चलने के कारण वितरण की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इसी वजह से कई उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलने में देर हो रही है। एजेंसी की ओर से व्यवस्था सामान्य होने पर सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन फिलहाल उपभोक्ताओं की परेशानी कम होती नजर नहीं आ रही है।