गौरीगंज (अमेठी)। भटगवां ग्राम प्रधान के पास शनिवार की रात आए डीएम अमेठी के नाम से फोन पर राममंदिर के लिए चंदा की डिमांड हुई। मामला प्रकाश में आने के बाद डीएम ने एसपी को पत्र भेजकर केस दर्ज कर कार्रवाई करने को कहा है। जिस नंबर से डीएम अमेठी के नाम फोन आया वह रविवार को अंबेडकर नगर डीएम के नाम व फोटो से प्रदर्शित हो रहा है।
गौरीगंज ब्लॉक के भटगवां ग्राम प्रधान बब्बन सिंह के मोबाइल नंबर- 9453566340 पर शनिवार की रात 9:15 बजे 9034308387 से फोन आया। फोन की स्क्रीन शॉट के ट्रू कॉलर के जरिए डीएम राकेश कुमार मिश्र का नाम व फोटो देखकर प्रधान ने पहले अभिभावदन किया।
इसके बाद उधर से बोल रहे जालजास ने कहा कि राममंदिर के लिए चंदा जाना है। आप स्वयं व ग्रामीणों से अधिक से अधिक चंद एकत्र कर सुबह तक गुगल पे पर जमाकर अवगत कराएं।
प्रधान ने कहा कि साहब रात है सुबह कुछ करके आपको का बताता हूं। गूगल पे पर भुगतान की डिटेल प्रधान ने सर्च की तो बंगाल के डूलनपुर शाखा का खाता होने के साथ रामकुमार का नाम प्रदर्शित हुआ। मामला संदिग्ध होने पर ग्राम प्रधान ने मामले की जानकारी डीएम के सरकारी नंबर पर दी। जानकारी मिलने के बाद डीएम सक्रिय हुए और ओएसडी से एसपी को पत्र भेजकर पूरे मामले की जानकारी देते हुए केस दर्ज कराने को कहा।
रविवार को डीएम के नंबर से ग्राम प्रधान से धन की डिमांड की बात सार्वजनिक हुई तो लोगों में तरह तरह चर्चा होने लगी। लोगों ने ट्रू कॉलर पर रविवार को नंबर सर्च किया तो मोबाइल नंबर डीएम अंबेडकरनगर अविनाश सिंह के नाम व फोटो युक्त प्रदर्शित हुआ मिला। एसपी को पत्र भेजने के बाद डीएम ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों से इस प्रकार का कोई फोन या मैसेज आने पर पर थाने के साथ सरकारी नंबर पर सू चित करने की अपील की है।
एसपी डॉ. इलामारन जी. ने डीएम के ओएसडी का पत्र मिलने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि पूरे प्रकरण की जांच सर्विलांस टीम के साथ गौरीगंज एसएचओ से कराई जा रही है। जांच के बाद जालसाज के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।