तिलोई। जिला मुख्यालय गौरीगंज स्थित जिला अस्पताल के बाद तिलोई मेडिकल काॅलेज में भी मरीजों को सीटी स्कैन की सुविधा मिलेगी। शुक्रवार को राज्यमंत्री व स्थानीय विधायक मयंकेश्वर शरण सिंह ने मेडिकल काॅलेज में स्थापित सीटी स्कैन सेंटर का लोकार्पण किया।
जिले में अभी तक मात्र गौरीगंज स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में ही सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध थी, जहां पर सीटी स्कैन कराने के लिए मरीजों को इंतजार करना पड़ता था। मरीजों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से बड़ी पहल की गई है। जिला मुख्यालय से मेडिकल कॉलेज की दूरी करीब 50 किलोमीटर है।
अब तिलोई इलाके के मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए जिला अस्पताल नहीं आना पड़ेगा। तिलोई स्थित मेडिकल काॅलेज में भी सीटी स्कैन की सुविधा का लाभ मरीजों को मिलेगा। सीटी स्कैन सेंटर का संचालन शुरू होने से मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी। राज्यमंत्री ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने को लेकर प्रयासरत है।
मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, उन्हें उनके नजदीकी अस्पतालों में सुविधा मिले, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में यह सुविधा उपलब्ध होने के बाद मरीजों को अब परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. रीना शर्मा, सीएमएस डॉ. आजम खान, डॉ. योगेश यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि तिलोई कृष्ण कुमार सिंह, सिंहपुर के ब्लॉक प्रमुख अंकित पासी मौजूद रहे।