भादर (अमेठी)। त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ के रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर में शनिवार को 13वें बैच के 110 नव आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के डीआईजी भूपेंद्र कुमार दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि रहे। समारोह के दौरान जवानों ने ट्रेनिंग के दौरान दिए प्रशिक्षण का प्रदर्शन भी किया। त्रिसुंडी स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का ग्रुप सेंटर है। ग्रुप सेंटर के परिसर में ही रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (आरटीसी) का भी संचालन होता है। आरटीसी में देश के विभिन्न प्रांतों के 110 नव आरक्षियों ने कठिन प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न बाधाओं को पार करते हुए केंद्रीय पुलिस बल के पूर्ण रूप से जवान बने। 44 सप्ताह के प्रशिक्षण के दौरान नव आरक्षियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन, युद्ध अवरोध, हथियार और बिना हथियार के लड़ाई, सहन शक्ति, गोला बारूद के साथ आपदा प्रबंधन, मानवाधिकार, भीड़ एवं दंगा नियंत्रण आदि का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अलग-अलग स्थानों पर पोस्टिंग दी गई। ट्रेनिंग पूरी होने व पोस्टिंग मिलने के बाद शनिवार को सभी 110 रिक्रूटों को आरटीसी में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान देश सेवा के साथ पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के पूर्व नव आरक्षियों ने परेड भी किया। इसके पहले डीआईजी ने परेड की सलामी भी ली।
इस मौके पर नव आरक्षियों ने रणकौशल का प्रदर्शन करने के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मौजूद सभी लोग दंग रह गए। लोगों ने जवानों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी मुक्तकंठ से सराहना की। दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले आरक्षी दीपक कुमार साहू, ई. नारायण रेड्डी, चिन्मया कुमार साहू, मनमोहन मुरलीधर को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी जीसी राजेंद्र पांडेय समेत बड़ी संख्या सीआरपीएफ गु्रप के अफसर व कर्मी मौजूद रहे।