तिलोई स्थित गैस एजेंसी पर पर्ची कटवाने के लिए लगी उपभोक्ताओं की भीड़। -संवाद
तिलोई। घरेलू गैस सिलिंडर की कमी ने लोगों की रसोई का बजट और दिनचर्या दोनों बिगाड़ दी है। कई दिनों से बुकिंग परची लेकर गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे करीब दो हजार उपभोक्ताओं को मंगलवार शाम राहत की उम्मीद तब जगी, जब 720 सिलिंडरों से भरा ट्रक एजेंसी पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही एजेंसी परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई। देखते ही देखते लंबी कतार लग गई और कुछ घंटों में पूरा स्टॉक खत्म हो गया। इससे सैकड़ों उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल सका।
सुबह से ही महिलाएं, बुजुर्ग और ग्रामीण इलाकों से आए लोग एजेंसी के बाहर लाइन में डटे रहे। भीड़ होने से एजेंसी कर्मियों को लोगों को लाइन में लगाने और व्यवस्था बनाए रखने में मशक्कत करनी पड़ी। कई महिलाएं छोटे बच्चों को गोद में लेकर घंटों इंतजार करती नजर आईं। उपभोक्ता सीमा देवी ने बताया कि चार दिन से एजेंसी का चक्कर लगा रही थीं, लेकिन हर बार सिलिंडर खत्म होने की बात कह दी जाती थी। रामनरेश यादव ने कहा कि गैस खत्म होने के बाद परिवार को लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ा।
शबाना बेगम ने बताया कि बच्चों के लिए खाना बनाने में काफी दिक्कत हुई। वहीं विनोद कुमार ने कहा कि घर में शादी समारोह होने के कारण उन्हें ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी।
गैस एजेंसी संचालिका श्वेता त्रिवेदी ने बताया कि बृहस्पतिवार को दो और गाड़ियों से सिलिंडर आने की संभावना है। इसके बाद लंबित बुकिंग पूरी कर दी जाएगी और स्थिति सामान्य होने लगेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल बुकिंग, केवाईसी और कनेक्शन ट्रांसफर संबंधी कार्यों के कारण एजेंसी पर अतिरिक्त भीड़ बनी हुई है।