अमेठी। लखनऊ-वाराणसी रेल खंड स्थित रेलवे क्रॉसिंग 104 पर दूसरे दिन बृहस्पतिवार को दिनभर मरम्मत का काम चलता रहा। इसके कारण आवागमन बंद रहा, राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई किलोमीटर चक्कर काटकर राहगीर अपने गंतव्य तक जाने के लिए मजबूर दिखे।
रेलवे प्रशासन की ओर से रेलवे क्रॉसिंग पर रबर की फ्लोरिंग लगाई जा रही है। लखनऊ वाराणसी रेल खंड स्थित 104 रेलवे क्रॉसिंग (पूरे प्रेम सेपियन मोड़) पर बुधवार से मरम्मतीकरण का काम शुरू हुआ। बृहस्पतिवार को भी सुबह 9:00 बजे से लेकर शाम 5:00 तक काम जारी रहा। ककवा रोड से रेलवे क्रॉसिंग तक बने बाईपास से निकलने वाले स्थानीय लोगों के साथ अन्य राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। ककवा रोड से होकर आने वाले राहगीरों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
जब क्रॉसिंग पर अपने वाहन लेकर पहुंचते तो उन्हें मायूस होकर वापस कई किलोमीटर चक्कर काट कर लौटना पड़ा। शाम 5:00 बजे के बाद कार्य पूरा होने पर क्रॉसिंग से आवागमन बहाल हो सका।
अमेठी रेलवे स्टेशन अधीक्षक जेपी शुक्ला ने बताया कि 104 रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत का कार्य होने के चलते दो दिनों का ब्लाॅक रहा। दिन में ब्लाक लेकर क्राॅसिंग पर रबर फ्लोरिंग लगाने आदि का कार्य शाम तक पूरा कर लिया गया है। इसके लगने के बाद वाहनों को सुगमता से पार होंगे।