अमेठी। शहर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में करोड़ों खर्च होने के बाद भी मैदान में जलभराव की समस्या है। बारिश का पानी मैदान में भर जा रहा है। खेल मैदान में दशकों पूर्व लगे लोहे के पोल व लाइन भी स्थानांतरित नहीं हो पाई। इस कारण खिलाड़ियों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
प्रदेश सरकार की ओर से शहर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए 493.20 लाख रुपये खर्च किए गए। स्टेडियम परिसर में स्थित बैडमिंटन हॉल, टेबल टेनिस हाल, जिम हॉल, मल्टीपरपज हॉल, स्विमिंग पूल, पवेलियन, 2500 वर्ग मीटर सीसी रोड, मिल्टरेशन प्लांट, टिकट काउंटर रूम, पंप रूम, सबमर्सिबल, बाउंड्रीवाल, लाइट, मेन गेट, हॉस्टल गेट व मैदान का उच्चीकरण आदि कार्य कराया गया। लेकिन स्टेडियम के मैदान में जलभराव की समस्या बारिश के मौसम में बनी हुई है।
वहां लगे विद्युत पोल जर्जर भी नहीं हटाए गए हैं। इनमें आपूर्ति हो रही है। इससे करंट का खतरा बना रहता है। बारिश के मौसम में जल भराव होने से आउट डोर खेल नहीं हो पाते हैं। सिर्फ इंडोर ही गेम खिलाड़ी खेल पाते हैं। आउट डोर खेलना खिलाड़ियों के लिए संभव नहीं हो पाता। खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षकों को को परेशानी उठानी पड़ रही है।
इनसेट
ये होते हैं आउटडोर गेम
अमेठी स्टेडियम में आउटडोर गेम क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, हैंडबाल, एथलेटिक्स, कबड्डी आदि खेल जलभराव व ग्राउंड गीला होने से इस दौरान मैदान पर नहीं हो पा रहे हैं। इन खेलों के खिलाड़ियों की प्रैक्टिस में दिक्कत हो रही है।
प्रभारी जिला खेल अधिकारी व उप क्रीड़ाधिकारी शमीम शमीम अहमद ने बताया कि मैदान में करीब तीन फिट मिट्टी भराई के साथ विद्युत लाइन स्थानांतरित होना है। इस संबंध में पत्राचार किया गया है।