मुसाफिरखाना (अमेठी)। क्षेत्र के सरैया सबल शाह गांव के सीवान क्षेत्र में बुधवार को अज्ञात कारणों से लगी आग ने कई किसानों की खड़ी फसलों और घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। तेज हवा के चलते आग ने आसपास के खेतों में भीषण तबाही मचाई।
अवधेश सिंह के बाग में अज्ञात कारणों से आग लगी, जो आसपास फैल गई। इससे पहलवान गौड़ की तीन बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं, गया प्रसाद यादव की चार बीघा पराली, ट्यूबवेल, बिस्तर, दो तख्त सहित घरेलू सामान भी जल गया। सोनू सिंह की दो बीघा पराली, पंच बहादुर सिंह का एक बीघा गेहूं और एक बीघा पराली भी इस अग्निकांड में जल गई। पंच बहादुर के नलकूप का छप्पर और चारपाई भी आग की भेंट चढ़ गए।
तहसीलदार राहुल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि पीड़ितों को मुआवजा दिलाया जा सके।