जामो (अमेठी)। सीनियर आईएएस के पिता की दबंगई का एक वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में आईएएस के पिता कई अन्य लोगों के साथ एक घर के सामने बना रैंप तोड़ते दिख रहे हैं।
थाना क्षेत्र के कटारी गांव निवासी एक सीनियर आईएएस अफसर इन दिनों शासन में सचिव पद पर तैनात हैं। उनके पिता चंद्रमा कौशल गांव में रहते हैं। उनका गांव के ही जगदीश प्रसाद कौशल से करीब दो-तीन सालों से एक भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इस भूमि पर जगदीश ने दो कमरे का निर्माण कराया है। घर में जाने के लिए रैंप का निर्माण कराया गया है।
जगदीश के अनुसार जबसे उन्होंने इस भूमि पर मकान व रैंप का निर्माण कराया है तभी से आईएएस के पिता उसे हटाने पर आमादा हैं। पहले भी कई बार रैंप को तोड़ने का प्रयास किया। इस पर जगदीश ने कोर्ट की शरण ली। आरोप है कि मामला कोर्ट पहुंच जाने के बाद भी 30 नवंबर को आईएएस के पिता कई लोगों के साथ वहां पहुंचे और रैंप को तोड़ दिया। हालांकि आईएएस के पिता की यह दबंगई सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई जो बुधवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
पुलिस ने नहीं की मदद
पीड़ित के अनुसार जिस समय आईएएस के पिता दबंगई पर आमादा थे उस दौरान उसने थाने में फोन किया लेकिन पुलिस ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। बाद में डायल-112 को फोन करने पर पुलिस पहुंची। पुलिस को देख दबंग मौके से चले गए।
शिकायत मिली, हो रही जांच
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो व पुलिस पर लग रहे ढिलाई के आरोपों के बीच एएसपी दयाराम का सफाई देने वाला वीडियो भी एक व्हाट्स ग्रुप पर सामने आया। वीडियो में एएसपी पीड़ित का प्रार्थना पत्र मिलने की बात स्वीकार करते हुए मामले की जांच कराने की बात कर रहे हैं।