अमेठी। खेत की रखवाली कर रहे किसान पर शुक्रवार की रात बदमाशों ने हमला बोल दिया। चीख-पुकार पर ग्रामीणों को आता देख बदमाश भाग निकले। घायल किसान की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। संग्रामपुर थानाक्षेत्र के कोलवा गांव निवासी किसान रामअचल यादव शुक्रवार की देररात गांव के समीप गुजर रहीं रेलवे लाइन के दूसरी ओर खेत में रखवाली करने गए थे। रात एक बजे अचानक बदमाश पहुंचे और रामअचल पर चाकू से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों को आता देख बदमाश मौके पर चाकू छोड़ कर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल रामअचल को अस्पताल पहुंचाते हुए मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से चाकू बरामद करते हुए घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किया। उपचार के बाद पीड़ित के स्वास्थ्य में सुधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गंभीर धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसओ निर्मल सिंह ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज करने की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द पूरे प्रकरण की जांच पूरी कर आरोपियों को गिरफ्तार अनावरण किया जाएगा।