गौरीगंज (अमेठी)। मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के रामशाहपुर गांव में शुक्रवार की देरशाम एक युवक के घर में गांव की युवती संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिली। युवती जिस घर में मृत मिली उस घर का एक युवक भी बाहर लहूलुहान हालत में मिला। दोनों का गला धारदार चाकू से रेता मिला। परिजन युवक को जिला अस्पताल ले गए जहां से उसे ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी है। युवती के पिता ने युवक पर हत्या का आरोप लगाया है।
गांव निवासी सुरेश व रामकुमार के परिवार के सभी लोग शुक्रवार को गेहूं काटने खेत में गए थे। सुरेश के घर पर उसका पुत्र संजय (21) व राम कुमार के घर पर उसकी पुत्री कविता (18) अकेले थे। शाम करीब छह बजे संजय अपना गला पकड़े बाहर निकला और गिरकर तड़पने लगा। उसे तड़पता देख एक बुजुर्ग महिला शोर मचाया। आसपास के और लोग भी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने घर में झांका तो मच्छरदानी लगी चारपाई पर कविता लहूलुहान पड़ी मिली। लोग पास गए तो उसकी सांसें थम चुकी थीं।
ग्रामीणों की सूचना पर घर पहुंचे संजय के परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर एसएचओ अमर सिंह मौके पर पहुंचे। एसएचओ ने बताया कि जिस चारपाई पर कविता मृत मिली है उसके नीचे एक चाकू मिला है जिस पर खून लगा है।
एसएचओ के अनुसार, कविता के पिता राम कुमार ने बताया कि उनकी पुत्री गांव की ही पूनम के साथ इलाज कराने गई थी। वहां से लौटते समय संजय ने बुला लिया। कविता के पिता ने संजय पर अपनी पुत्री की हत्या का मौखिक आरोप लगाया है। कोतवाल ने बताया कि युवती का पंचनामा गौरीगंज के नायब तहसीलदार नितिन सिंह की मौजूदगी में कराने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। कहा कि अभी तहरीर नहीं मिली है। देर शाम एएसपी हरेंद्र कुमार भी गांव पहुंचे और दोनों परिवारों के अलावा ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। इधर, लड़की की मौत से परिजनों का रो रोकर हाल बेहाल है।