गौरीगंज (अमेठी)। ग्रामीण क्षेत्र में मरीजों का बेहतर उपचार करने के साथ कोविड संक्रमण नियंत्रण के लिए पीएचसी पर दोबारा आरोग्य मेला शुरू होगा। महानिदेशक ने सीएमओ से प्रत्येक रविवार को आरोग्य मेला आयोजित कराने को कहा है।
मेले में मरीजों का उपचार करने के साथ लोगों को कोविड-19 से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा है। इतना ही नहीं मेले में आरटीपीसीआर विधि से अधिक से अधिक लोगों की सैंपलिंग कराकर जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है।
कोविड संक्रमण के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग गंभीर हो गया है। ग्रामीण क्षेत्र में गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों का उपचार व स्क्रीनिंग के लिए जिले की 30 पीएचसी पर प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित होगा।
मेला आयोजित हो सके तथा अधिक से अधिक लोगों की जांच कर कोविड संक्रमण को नियंत्रित किया जा सके इसके लिए महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं डीएस नेगी ने सीएमओ को पत्र भेजा है।
पत्र में ग्रामीण क्षेत्रों में चार अप्रैल से अग्रिम निर्देशों तक कोविड जांच हेतु प्रत्येक रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला आयोजित कर मरीजों का उपचार, संदर्भन व स्क्रीनिंग के साथ कोविड संक्रमण व बचाव के प्रति जागरूक करने को निर्देश दिया है।
मेले में कोविड जांच के लिए सिर्फ आरटीपीसीआर नमूने एकत्र करने तथा रिपोर्ट मिलने पर संक्रमितों की निगरानी व उपचार का प्रबंध करते हुए रिपोर्ट देने को कहा है।
महानिदेशक का पत्र मिलने के बाद सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे ने सभी अधीक्षकों को पत्र जारी कर कोविड संक्रमण व बचाव नियमों का पालन करते हुए पीएचसी में मेला आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की आरटीपीसीआर विधि से कोविड जांच कराने तथा रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। सीएमओ ने जांच में लापरवाही या मेला आयोजित नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।