अमेठी सिटी। बरात से लौटते समय मोटरसाइकिल सवार प्रदीप कुमार वर्मा की मौत के मामले में सुल्तानपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नवनीत सिंह की अदालत ने संज्ञान लेते हुए संग्रामपुर पुलिस को अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया है। अदालत ने जांच पूरी कर शीघ्र आख्या प्रस्तुत करने को कहा है।
संग्रामपुर के भगतपुर-गोरखापुर गांव निवासी गायत्री देवी ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर पति की हत्या का आरोप लगाया था। बताया कि 11 मार्च को प्रदीप कुमार वर्मा गांव निवासी रामकरन वर्मा के साथ मोटरसाइकिल से बरात से लौट रहे थे। इसी दौरान विक्रम वर्मा, प्रतापगढ़ निवासी हारून, माशूक और अन्य लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया गया।
वादिनी ने घटना के पीछे रुपये और जमीन के विवाद की बात कही है। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में प्रदीप की मौत सड़क दुर्घटना में लगी चोटों से होना बताया था। शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर वादिनी अदालत पहुंची थी। अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर निष्पक्ष जांच का आदेश दिया है।