जामो (अमेठी)। थाना क्षेत्र के पूरे मखदूम शाह सरमे गांव में शनिवार की रात नाली में कूड़ा फेंकने के विवाद में दबंगों ने दंपती व उसकी बेटी की पिटाई कर दी। जिससे पिता- पुत्री गंभीर रूप से जख्मी हैं। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
जामो थाना क्षेत्र के पूरे मखदूम शाह सरमे गांव निवासी मोहम्मद इलियास के घर के सामने गांव के बब्बन खान कूड़ा फेक रहे थे। कूड़ा फेंकता देखकर मोहम्मद इलियास की बेटी सालिया बानो ने मना किया तो बब्बन नाराज हो गया। बब्बन ने अकलीम व शकील खान के साथ मिलकर लाठी-डंडों से सालिया की पिटाई शुरू कर दी। सालिया की चीख-पुकार पर बचाव के लिए दौड़ी उसकी मां सानिया बानो व पिता इलियास की भी दबंगों ने पिटाई कर दी।
ग्रामीण जब तक बीच-बचाव करते तब तक इलियास, सानिया व सालिया गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालात नाजुक देख डॉक्टरों ने इलियास व उनकी बेटी सालिया को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में उपचार के बाद हालात में सुधार होने पर इलिहास ने बब्बन, अकलीम व शकील खान के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज करा दिया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है। एसएचओ विवेक सिंह ने इलियास की तहरीर पर केस दर्ज करने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि जांच के बाद मामले में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।